रोहिणी में एप्पल के नकली स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज के बड़े रैकेट का खुलासा, ₹1.60 करोड़ का माल जब्त, 5 गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (उत्तरी रेंज-I) ने रोहिणी इलाके के प्रमुख शॉपिंग मॉल्स में चल रहे एप्पल आईफोन के नकली स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज बेचने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रोहिणी के सेक्टर-3 स्थित विकास सूर्या शॉपिंग मॉल और मंगलम प्लेस की पांच दुकानों पर छापेमारी कर ₹1.60 करोड़ मूल्य के नकली उत्पाद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने पांच दुकानदारों—दिनेश, शिवम सिंघल, शिवम, पुनीत और रामकरण शर्मा को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी असली बताकर ग्राहकों को जाली पार्ट्स बेच रहे थे, जिससे न केवल ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी हो रही थी बल्कि उनके महंगे मोबाइल फोनों की लाइफ और सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा था।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी पंकज कुमार ने बताया कि 6 मार्च को इंस्पेक्टर अजय शर्मा और एसीपी अशोक शर्मा के नेतृत्व में एक टीम को सूचना मिली थी कि रोहिणी के मॉल्स में एप्पल के नाम पर नकली सामान धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। पुलिस ने एप्पल के अधिकृत प्रतिनिधि को साथ लेकर दिनेश स्पेयर पार्ट, सिंघल्स मोबाइल एक्सेसरीज, प्रधान जी कम्युनिकेशन, सतगुरु एक्सेसरीज और कंसल एक्सेसरीज पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान दुकानदार कोई भी वैध बिल या एप्पल कंपनी का अधिकृत पत्र नहीं दिखा सके।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में जाली सामान बरामद किया है। बरामदगी के विवरण में 1000 आईफोन बैक पैनल, 180 बैक बॉडी, 228 बैटरी, 738 बैक कवर, 109 यूएसबी-सी केबल, एडेप्टर और चार्जिंग फ्लैक्स शामिल हैं। एप्पल की टीम के अनुसार, इन बरामद उत्पादों की बाजार कीमत लगभग ₹1.60 करोड़ है। पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट और धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि ये दुकानदार पिछले काफी समय से इस व्यवसाय में थे और कुछ सामान स्थानीय मार्केट से तो कुछ विशेष सप्लायरों के जरिए मंगवाते थे। पुलिस अब इस पूरे सप्लाई चेन के मुख्य स्रोत और रूट का पता लगाने की कोशिश कर रही है। क्राइम ब्रांच ने चेतावनी दी है कि नकली बैटरियों और पार्ट्स का इस्तेमाल मोबाइल में विस्फोट या तकनीकी खराबी का कारण बन सकता है। फिलहाल सभी बरामद सामान को सील कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More