राज वाटिका के पास युवक को सरेराह गोलियों से भूना, मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश में जुटीं पुलिस

नई दिल्ली: दिल्ली के बवाना थाना इलाके में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पूठ खुर्द इलाके में एक 24 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को सुल्तानपुर रोड स्थित राज वाटिका के पास अंजाम दिया गया। हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस रंजिश समेत अन्य पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, रविवार को बवाना थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पूठ खुर्द के पास एक युवक को गोली मारी गई है और वह लहूलुहान हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा, लेकिन शरीर में गोलियां लगने के कारण उसने दम तोड़ दिया था। मृतक की पहचान पूठ खुर्द की पाना बस्ती वाड़ा निवासी भूपेंद्र (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम ने भी मौका-ए-वारदात का मुआयना किया। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं जो घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और तकनीकी साक्ष्य जुटा रही हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इस हत्याकांड के पीछे आपसी रंजिश हो सकती है, हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More