आदर्श नगर पुलिस ने दर्ज की दो क्रॉस एफआईआर, एक ने किया लूट का तो दूसरे ने मछली खरीदने में विवाद का किया दावा

नई दिल्ली:: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में एक मछली विक्रेता से लूटपाट की कोशिश का मामला सामने आया है। जहांगीरपुरी निवासी मोबिन अपनी रेहड़ी पर मछली बेच रहे थे, तभी दो बदमाशों ने उनके गल्ले से नकदी छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर हुई हाथापाई में एक बदमाश रेहड़ी पर रखे धारदार हसिए से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार और हिरासत में लिया है। घटना के संबंध में पुलिस ने दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, 6 मार्च को आदर्श नगर पुलिस को लूट की सूचना मिली थी। पीड़ित मोबिन ने बताया कि गोविंद उर्फ गोलू और उसके एक नाबालिग साथी ने उनके गल्ले में हाथ डालकर पैसे निकालने की कोशिश की। जब मोबिन और उनके बेटे ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। इसी दौरान रेहड़ी पर मछली काटने के लिए रखा हसिया आरोपी गोविंद को लग गया, जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

वहीं दूसरी ओर, बाबू जगजीवन राम अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि घायल गोविंद वहां भर्ती हुआ है। गोविंद ने आरोप लगाया कि मछली खरीदने के दौरान हुए विवाद में उस पर हमला किया गया है। आदर्श नगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कानून के दायरे में ले लिया है और मामले की विस्तृत तफ्तीश जारी है ताकि विवाद की असली वजह साफ हो सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More