खजूरी खास में कलेक्शन एजेंट से पिस्तौल की नोक पर लाखों की लूट, दो बाइकों पर आए थे चार बदमाश

नई दिल्ली:उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में शनिवार देर शाम बेखौफ बदमाशों ने एक कलेक्शन एजेंट को अपना निशाना बनाया। मुख्य वजीराबाद रोड पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने कलेक्शन एजेंट को बीच रास्ते में रोक लिया और हथियार के बल पर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घेराबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार देर शाम की है जब पुरानी सीलमपुर निवासी अविनाश (27) अपनी स्कूटी से जा रहा था। अविनाश चांदनी चौक इलाके के एक स्क्रैप डीलर के पास कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता है। वह स्क्रैप की रकम लेकर जा रहा था, तभी वजीराबाद रोड पर स्थित एक्सिस बैंक एटीएम के पास दो मोटरसाइकिलों पर आए चार युवकों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने पीड़ित को डरा-धमकाकर उसकी स्कूटी पर रखा कैश का बैग छीन लिया और तेजी से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही खजूरी खास थाना पुलिस और जिले की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। इस संबंध में पुलिस ने बीएनएस की धारा 309/3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों के भागने के रूट की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि बैग में कुल कितनी राशि थी, जिसकी जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More