मोती नगर में गोल्डन रॉयल बैंक्वेट हॉल में लगी भीषण आग, दमकल की गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, बाल-बाल बचे लोग

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर थाना इलाके में शनिवार रात नजफगढ़ रोड स्थित एक प्रसिद्ध बैंक्वेट हॉल में भीषण आग लग गई। शिवाजी मार्केट के पास स्थित ‘गोल्डन रॉयल’ बैंक्वेट हॉल के ऊपरी और अगले हिस्से से अचानक आग की लपटें उठने लगीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।

पुलिस के अनुसार, आग लगने की जानकारी शनिवार रात करीब 8:15 बजे मिली। बैंक्वेट हॉल के ऊपरी हिस्से में आग तेजी से फैल रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पास में ही स्थित ‘वेलोरा’ बैंक्वेट हॉल के हाई प्रेशर वाटर पाइप की मदद ली और दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। इसके कुछ ही देर बाद दमकल की चार गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं और पूरी तरह से आग को बुझा दिया गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग इसकी विस्तृत जांच कर रहे हैं। गनीमत यह रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त मौके पर अधिक भीड़ नहीं थी और समय रहते बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। मोती नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More