नांगलोई में अचार की फैक्ट्री में जहरीली गैस का कहर, पिता और पुत्र की दर्दनाक मौत, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: दिल्ली के नांगलोई इलाके में शनिवार शाम एक अचार फैक्ट्री में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। राव विहार स्थित एक घर के ग्राउंड फ्लोर पर चल रही फैक्ट्री में अचार के कुएं की सफाई के दौरान जहरीली गैस (सफोकेशन) की चपेट में आने से फैक्ट्री मालिक और उनके बड़े बेटे की मौत हो गई। इस हादसे में मालिक का दूसरा बेटा और एक मजदूर भी गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना सात मार्च की शाम नांगलोई थाना क्षेत्र के डी-25, राव विहार की है। यहां रहने वाले 60 वर्षीय अनिल अपने घर के भूतल पर अचार बनाने की फैक्ट्री चलाते थे और स्वयं परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहते थे। फैक्ट्री में अचार तैयार करने के लिए करीब 10 फीट गहरे 4-5 कुएं बनाए गए हैं। शनिवार को एक मजदूर सफाई के लिए कुएं में उतरा था, लेकिन दम घुटने के कारण वह अंदर ही बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए फैक्ट्री मालिक अनिल और उनके दो बेटे नीरज (32) और संदीप (28) एक-एक कर कुएं में उतरे, लेकिन जहरीली गैस के कारण चारों अचेत हो गए।

मदद की पुकार सुनकर अनिल के भाई सुभाष और आसपास के लोगों ने किसी तरह चारों को कुएं से बाहर निकाला। अनिल और उनके बड़े बेटे नीरज की हालत बेहद नाजुक थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तुरंत उन्हें संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अनिल और नीरज को मृत घोषित कर दिया। संदीप और मजदूर का उपचार जारी है। नांगलोई थाना पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या रिहायशी इलाके में फैक्ट्री चलाने के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं हुई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More