सोनिया विहार में सीवर लाइन के काम के दौरान हादसा, मेरठ के युवक की मौत

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार थाना क्षेत्र में सीवर लाइन निर्माण के दौरान हुए एक हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मेरठ निवासी अफजल के रूप में हुई है, जो सोनिया विहार के तीसरे पुश्ते पर चल रहे सीवर लाइन के काम में लगा हुआ था। घटना के बाद उसे तुरंत सिविल लाइंस स्थित ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में लापरवाही का अंदेशा जताते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 6 मार्च को सिविल लाइंस ट्रामा सेंटर से सूचना मिली थी कि सोनिया विहार इलाके से एक घायल युवक को लाया गया है, जिसकी मौत हो चुकी है। सूचना मिलने पर सोनिया विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती तफ्तीश में पता चला कि अफजल सीवर लाइन के निर्माण कार्य के दौरान घायल हुआ था। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा मिट्टी धंसने से हुआ या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। सोनिया विहार थाना पुलिस ने इस संबंध में कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है और ठेकेदार व अन्य संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More