सस्ते टूरिस्ट पैकेज बुक करने के नाम पर की ठगी, फरीदाबाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दबोचे दो जालसाज

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना NIT की टीम ने ऑनलाइन ट्रिप बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंकज (21 वर्ष), निवासी अलीगढ़ और शिवम (33 वर्ष), निवासी गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। इन आरोपियों ने फरीदाबाद की संजय कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति को तीन साल के आकर्षक ट्रिप पैकेज का झांसा देकर उनसे ₹50,000 ठग लिए थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पीड़ित ने एक वेबसाइट के माध्यम से 3 साल का ट्रिप पैकेज बुक करने के लिए ऑनलाइन ₹50,000 का भुगतान किया था। भुगतान के बाद न तो उन्हें कोई पैकेज मिला और न ही उनके पैसे वापस किए गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी पंकज इस मामले में मुख्य खाताधारक है, जिसके खाते में ठगी की रकम आई थी। वहीं, आरोपी शिवम (बी.एससी पास) इस खाते को ऑपरेट करता था और तकनीकी रूप से ठगी की गतिविधियों को अंजाम देता था। जांच में यह भी सामने आया कि ये दोनों आरोपी पहले एक रेस्टोरेंट में साथ काम करते थे, जहाँ से इन्होंने इस तरह के अपराध की योजना बनाई।

फरीदाबाद पुलिस ने इस घटना के माध्यम से नागरिकों को चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान वेबसाइट या सोशल मीडिया विज्ञापनों पर दिखने वाले लुभावने ट्रिप और हॉलिडे पैकेजेस के झांसे में न आएं। किसी भी ऑनलाइन बुकिंग से पहले संबंधित कंपनी या वेबसाइट की सत्यता की जांच जरूर करें। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने अब तक और कितने लोगों को इस तरह के फर्जी पैकेजेस बेचकर ठगा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More