फोन हैक कर खाते से उड़ाए हजारों रुपये, फरीदाबाद पुलिस ने जयपुर से दबोचे दो बीसीए पास ठग

फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना NIT की टीम ने मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से पैसे निकालने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो तकनीकी रूप से सक्षम अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लक्ष्य खंडेलवाल (20 वर्ष) और आशीष कुमावत (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राजस्थान के जयपुर के रहने वाले हैं। इन दोनों आरोपियों ने सेक्टर-42 के एक निवासी का मोबाइल हैक कर उनके खाते से ₹93,998 पार कर दिए थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि ठगी के नेटवर्क का पूरी तरह खुलासा किया जा सके।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सेक्टर-42 निवासी पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 नवंबर 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया था। इसके तुरंत बाद, बिना उनकी जानकारी के विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके बैंक खाते से कुल ₹93,998 काट लिए गए। इस शिकायत पर साइबर थाना NIT ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान ठगी की रकम के ट्रेल का पीछा करते हुए पुलिस टीम जयपुर पहुँची और वहां से दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी BCA पास हैं। तकनीकी ज्ञान होने के कारण वे आसानी से लोगों के फोन हैक करने और डेटा चोरी करने में माहिर थे। पकड़े गए आरोपियों में से लक्ष्य खंडेलवाल वह खाताधारक है जिसके खाते में ठगी की राशि गई थी, जबकि आशीष कुमावत ‘खाता ऑपरेटर’ के रूप में काम कर रहा था, जो तकनीकी रूप से इन अवैध ट्रांजेक्शन को अंजाम देता था।

फरीदाबाद पुलिस ने इस घटना के माध्यम से नागरिकों को चेतावनी दी है कि डिजिटल युग में मोबाइल सुरक्षा के प्रति अत्यधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। पुलिस ने सलाह दी है कि अपने फोन में कोई भी संदिग्ध ऐप इंस्टॉल न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, क्योंकि यह आपके फोन का पूरा कंट्रोल हैकर्स को दे सकता है। पुलिस अब रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन आरोपियों ने अब तक और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More