कलयुगी भांजे ने मामी से बदला लेने के लिए 5 साल के मासूम को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला की थाना रणहौला, स्पेशल स्टाफ और एसटीएफ की संयुक्त टीमों ने महज 48 घंटों के भीतर 5 साल के मासूम बच्चे की हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में सगे भांजे रवि कुमार (22 वर्ष), निवासी रणहौला, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से मजदूर है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक रसोई का चाकू बरामद कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपनी मामी को सबक सिखाने और पारिवारिक कलह का बदला लेने के लिए इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 5 मार्च को रणहौला थाने में एक 5 वर्षीय बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली थी। बच्चे की गर्दन पर तेजधार हथियार के निशान थे। जांच के दौरान पता चला कि बच्चा 3 मार्च से लापता था। एसीपी नांगलोई नरेश सोलंकी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र के नेतृत्व में गठित टीमों ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो पाया कि बच्चा आखिरी बार 3 मार्च की दोपहर 3:24 बजे आरोपी रवि कुमार के साथ देखा गया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने रवि को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में आरोपी रवि ने बताया कि उसकी मामी और मामा के बीच अक्सर झगड़ा होता था। 3 मार्च को उसने शराब के नशे में बच्चे को एक निर्माणाधीन इमारत में ले जाकर पहले उसका गला दबाया और फिर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। अपराध को छिपाने के लिए उसने शव को एक जैकेट से ढंक दिया। 5 मार्च को वह खुद लकड़ी बीनने के बहाने उसी इमारत में गया और शव को घर लाकर परिजनों को झूठी सूचना दी कि बच्चा वहां मृत पड़ा मिला है। शुरू में पुलिस को गुमराह करने के लिए बच्चे की मां पर शक जताया गया था, जो घर छोड़कर बिहार चली गई थी, लेकिन तकनीकी जांच में वह निर्दोष पाई गई।

पुलिस ने आरोपी रवि कुमार को गिरफ्तार कर हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के बाद अब पुलिस साक्ष्यों को मजबूत करने के लिए आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है। इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके में पुलिस की कार्यकुशलता पर जनता का विश्वास सुदृढ़ किया है। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More