रात के अंधेरे में ताले चटकाने वाले शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे, दो वारदातें सुलझीं

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने इलाके में सक्रिय दो कुख्यात और वांछित सेंधमारों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भागीरथी विहार निवासी अकबर उर्फ जुबेर (42) और न्यू मुस्तफाबाद निवासी हुस्ने आलम (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से घर के ताले तोड़ने के आधुनिक औजार और अपराध के समय पहचान छिपाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला सामान बरामद किया है। इन दोनों की गिरफ्तारी से ज्योति नगर थाना क्षेत्र में रात के समय हुई सेंधमारी की दो बड़ी गुत्थियां सुलझ गई हैं।

पुलिस के अनुसार, स्पेशल स्टाफ के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार के नेतृत्व में एसआई कौशिक घोष, एएसआई अमित त्यागी, अमित मान और उनकी टीम वांछित अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी बीच 6 मार्च को टीम को इन आरोपियों के ज्योति नगर इलाके में मौजूद होने की पुख्ता सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। सघन पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने ही हाल के दिनों में ज्योति नगर इलाके में रात के समय घरों के ताले चटकाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। मुख्य आरोपी अकबर और उसका साथी हुस्ने आलम दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के 35 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त पाए गए हैं। ये शातिर अपराधी वारदात को अंजाम देते समय अपनी पहचान छिपाने के लिए विशेष उपकरणों का सहारा लेते थे। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन्होंने पिछले कुछ महीनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More