उत्तम नगर में बच्ची द्वारा पानी का गुब्बारा फेंकने पर हुए विवाद के बाद युवक की मौत; पुलिस ने सात को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला अंतर्गत थाना उत्तम नगर क्षेत्र में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए झगड़े में एक युवक की मौत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। इस घटना में 26 वर्षीय तरुण की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हत्या की धारा जोड़ दी है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 4 मार्च की रात लगभग 11:09 बजे उत्तम नगर थाने में पड़ोसियों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि विवाद तब शुरू हुआ जब एक छोटी बच्ची ने एक महिला पर पानी का गुब्बारा फेंक दिया। इसके बाद दोनों परिवारों के सदस्य सड़क पर जमा हो गए और उनके बीच जमकर मारपीट हुई। इस संघर्ष में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के पांच लोग घायल हुए थे। अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन गंभीर रूप से घायल तरुण ने 5 मार्च की दोपहर अस्पताल में दम तोड़ दिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों परिवार पिछले पांच दशकों से एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन उनके बीच पार्किंग और कचरा फेंकने जैसी छोटी बातों को लेकर लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहित की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर चार वयस्कों और एक किशोर को पकड़ लिया था। युवक की मौत के बाद आरोपियों की कुल संख्या सात हो गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो असामाजिक तत्व इस निजी विवाद को अलग रंग देकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, उनसे सख्ती से निपटा जाएगा।

वर्तमान में उत्तम नगर इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त और निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय समुदायों के साथ संवाद स्थापित किया है ताकि शांति बनी रहे। डीसीपी ने दोहराया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने और केवल आधिकारिक पुलिस सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More