तिहाड़ से छूटते ही फिर पहुंचे जेल, गुलाबी बाग में चेन झपटमारी करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर जिला की चौकी अंधा मुगल (थाना गुलाबी बाग) टीम ने इलाके में हुई चेन झपटमारी की वारदात को सुलझाते हुए दो सक्रिय और खूंखार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जितेंद्र उर्फ रोहित उर्फ गनी (35 वर्ष) निवासी तिमारपुर और रवि उर्फ तिलकधारी (35 वर्ष) निवासी सिविल लाइंस के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से झपटमारी की गई एक सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने गए कपड़े व हेलमेट बरामद कर लिए हैं। आरोपी जितेंद्र महज 10 दिन पहले ही जेल से छूटा था और बाहर आते ही उसने फिर से अपराध का रास्ता चुन लिया। इन दोनों पर दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, डकैती और चोरी के कुल 37 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

उत्तर जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 23 फरवरी को संजय नगर निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह रिक्शा से कमला नगर जा रही थी, तभी चौधरी नंदलाल मार्ग पर मोटरसाइकिल सवार दो लड़कों ने उनकी सोने की चेन झपट ली। इस मामले की जांच के लिए एसीपी अनिल शर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुमार के नेतृत्व में चौकी प्रभारी एसआई योगेश कुमार, एएसआई राज कुमार और अन्य जवानों की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे वारदात में इस्तेमाल बाइक का नंबर मिल गया। जांच में पता चला कि वह बाइक एक दिन पहले ही तिमारपुर से चोरी हुई थी।

जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी चांदनी चौक इलाके में देखे गए हैं। वहां पता चला कि आरोपियों का एक दुकानदार से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद स्थानीय कोतवाली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर तीन दिन के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। इस जानकारी के बाद गुलाबी बाग पुलिस की टीम ने 28 फरवरी को तिहाड़ जेल के बाहर जाल बिछाया। जैसे ही दोनों आरोपी जेल से रिहा होकर बाहर आए, पुलिस ने उन्हें तुरंत दबोच लिया। गहन पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में आरोपी जितेंद्र ने बताया कि वह 13 फरवरी को ही जेल से बाहर आया था और आर्थिक तंगी के कारण उसने रवि के साथ मिलकर फिर से झपटमारी की योजना बनाई। उन्होंने पहले तिमारपुर से बाइक चोरी की और फिर गुलाबी बाग में महिला को सॉफ्ट टारगेट समझकर निशाना बनाया। वे लूटी गई चेन बेचने के लिए चांदनी चौक के कूचा महाजनी बाजार गए थे, जहाँ दुकानदार से विवाद होने के कारण वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने गुलाबी बाग थाने में दर्ज एफआईआर और तिमारपुर में दर्ज वाहन चोरी के मामले को सुलझा लिया है। फिलहाल आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More