न्यू उस्मानपुर में झपटमारी कर भाग रहे बदमाश को पुलिस ने पीछा कर दबोचा, 7 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना इलाके में पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर झपटमार को रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी की पहचान गांधी नगर निवासी अनस उर्फ वसीम (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से इंजीनियरिंग छात्र से छीना गया मोबाइल फोन और छह अन्य चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं। हालांकि, वारदात के दौरान उसका एक साथी मोटरसाइकिल पर सवार होकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना पांच मार्च की दोपहर की है। हेड कांस्टेबल आजाद सिंह और आजाद अख्तर की टीम जीरो पुश्ता इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक युवक मोटरसाइकिल सवार दो लड़कों का पीछा कर रहा है। पुलिस टीम तुरंत उस युवक के पास पहुंची, जिसकी पहचान 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र मोहम्मद हमजा के रूप में हुई। हमजा ने बताया कि वह ऑटो से जा रहा था, तभी पीछे से आए बाइक सवारों ने उसका मोबाइल छीना और भागने लगे।

बिना समय गंवाए पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल का पीछा किया और पीछे बैठे झपटमार अनस को दबोच लिया, जबकि चालक फरार हो गया। तलाशी के दौरान अनस के पास से कुल सात मोबाइल फोन मिले। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धारा 304(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने झपटमारी की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब फरार आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More