हर्ष विहार में होली पर तेज संगीत बजाने को लेकर विवाद, फायरिंग कराने वाली महिला समेत तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार थाना इलाके में होली के दौरान तेज संगीत बजाने को लेकर हुए विवाद में फायरिंग करने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल एक महिला और उसके भाई समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और तीन खाली खोखे बरामद किए गए हैं। पकड़े गए तीसरे आरोपी की पहचान लोनी निवासी शुभम उर्फ मंगू (23) के रूप में हुई है, जो पहले भी धोखाधड़ी और धमकी देने के तीन मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस के अनुसार, घटना चार मार्च की दोपहर की है। हर्ष विहार के प्रताप नगर स्थित गली नंबर 8 में रहने वाले मोनू (29) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह होली के अवसर पर संगीत बजा रहा था। इसी दौरान उसके पड़ोस में रहने वाले भाई-बहन ने आकर संगीत का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस और कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अपने एक साथी को मौके पर बुला लिया, जिसने पिस्टल से फायरिंग कर दी और फरार हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

सूचना मिलते ही हर्ष विहार थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस बरामद किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले पड़ोसी भाई (30) और उसकी बहन (25) को हिरासत में लिया, जिनके पास से दो और खाली खोखे बरामद हुए। पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने लोनी से मुख्य आरोपी शुभम उर्फ मंगू को धर दबोचा।

जांच में सामने आया है कि शुभम ने ही मौके पर पहुंचकर दहशत फैलाने के उद्देश्य से गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने उसके पास से हथियार बरामद कर लिए हैं। हर्ष विहार थाना पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धारा 109(1) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि वे हथियार कहां से लाए थे। मामले की आगे की तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More