पालम में दूध कारोबारी की चाकू गोदकर हत्या, पुलिस ने हत्या के आरोप में पांच दबोचे

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के पालम विलेज थाना इलाके में एक 25 वर्षीय युवक की सरेराह चाकू गोदकर हत्या करने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन किशोरों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतक द्वारा एक किशोर को बार-बार परेशान और प्रताड़ित करने के कारण उपजी रंजिश में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।

घटना चार मार्च की है, जब पुलिस को मनीपाल अस्पताल से सूचना मिली कि महावीर एनक्लेव की गली नंबर 7 में 8-10 लोगों ने एक युवक पर चाकुओं से हमला कर दिया है। घायल पुनीत यादव (25) को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुनीत गोयला डेयरी में दूध की डेयरी चलाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पालम विलेज थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।

तफ्तीश के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिरों की मदद ली। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने महावीर एनक्लेव निवासी धर्मेंद्र (24) और ओंकार (24) को गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों पेशे से दूध विक्रेता हैं। इनके साथ ही वारदात में शामिल तीन किशोरों को भी पकड़ा गया है, जिनमें से दो स्कूल छोड़ चुके हैं और एक सातवीं कक्षा का छात्र है।

पूछताछ में मुख्य आरोपी किशोर ‘जी’ ने बताया कि मृतक पुनीत उसे अक्सर चिढ़ाता और परेशान करता था, जिससे वह काफी गुस्से में था। वारदात वाले दिन नशे की हालत में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पुनीत को सबक सिखाने की योजना बनाई और उस पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल खून से सना चाकू बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More