दिल्ली पुलिस ने सुलझाई आजादपुर हत्याकांड की गुत्थी, दोस्त की मौत का बदला लेने के लिए की थी हत्या, पुलिस ने 8 को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला की मॉडल टाउन थाना पुलिस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने आजादपुर इलाके में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मोहित उर्फ पाल (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने नाबालिग को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। गिरफ्तार मुख्य आरोपी मोहित पाल जहांगीरपुरी का एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से डकैती, हत्या के प्रयास और स्नैचिंग जैसे 6 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 22 फरवरी को आजादपुर स्थित MCD कॉलोनी के गेट के पास 18 वर्षीय ईशु की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को मौके से सात खाली कारतूस, चार जिंदा कारतूस और दो लावारिस वाहन मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सुरेश खुंगा और रंजीत ढाका के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर अशोक गिरी और इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल निगरानी के जरिए कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए मुख्य साजिशकर्ता मोहित पाल और उसके 7 नाबालिग साथियों को दबोच लिया।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह हत्या पुरानी रंजिश और बदला लेने के उद्देश्य से की गई थी। मोहित पाल ने बताया कि वर्ष 2024 में उसके साथी दीपक पत्रकार की हत्या कर दी गई थी, जिसका आरोप नरेंद्र ओम पाल और उसके गुर्गों पर था। आरोपियों को सूचना मिली थी कि नरेंद्र आजादपुर में एक शादी समारोह में आने वाला है। मोहित अपने साथियों के साथ वहां उसे मारने पहुँचा था। जब उन्हें गेट पर नरेंद्र का करीबी ईशु दिखा, तो उन्होंने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड मोहित पाल ही था, जिसने नाबालिगों को इस अपराध में शामिल किया। पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल हथियार और वाहन बरामद होने के बाद पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों की तलाश कर रही है। फिलहाल मास्टरमाइंड को जेल और बाकी अन्य आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत सुधार गृह भेज दिया गया है और मामले की आगे की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More