केयरटेकर ने पहले दिन ही पूरे परिवार को किया बेहोश, फिर की लूटपाट, पुलिस ने बरेली से दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी जिला अंतर्गत थाना पश्चिम विहार ईस्ट की टीम ने एक ऐसी महिला अपराधी को गिरफ्तार किया है जिसने केयरटेकर बनकर एक परिवार का भरोसा जीता और फिर उन्हें नशीली गोलियां खिलाकर घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में एक महिला आरोपी ‘एस’ को उत्तर प्रदेश के बरेली से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए पैसों में से ₹20,000 नकद बरामद कर लिए गए हैं। यह गिरफ्तारी वारदात के महज 24 घंटे के भीतर तकनीकी निगरानी और त्वरित छापेमारी के जरिए संभव हुई है। महिला ने पहले दिन ही ड्यूटी ज्वाइन करते ही दोपहर के भोजन में नींद की गोलियां मिलाकर पूरे परिवार को बेहोश करने की साजिश रची थी।

बाहरी जिले के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि 26 फरवरी को पश्चिम विहार के बीजी-02 स्थित एक घर से चोरी की सूचना मिली थी। पीड़ित परिवार ने अपनी 59 वर्षीय बुजुर्ग महिला सदस्य की देखभाल के लिए एक ऑनलाइन एजेंसी ‘एंजेल नर्सिंग हेल्थकेयर सर्विसेज’ के माध्यम से महिला केयरटेकर को काम पर रखा था। 26 फरवरी को ही वह काम पर आई और दोपहर का भोजन तैयार कर परिवार को परोसा। खाना खाते ही परिवार के सदस्य बेहोश होने लगे। हालांकि, परिवार की एक छोटी बच्ची ने वह खाना नहीं खाया था और बुजुर्ग महिला को भी आरोपी की हरकतों पर शक हो गया, जिसके चलते आरोपी बड़ी लूट को अंजाम नहीं दे सकी और नकदी लेकर फरार हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी राजबीर लांबा और एसएचओ राजपाल के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सुंदर सिंह, एसआई हरीश, महिला हेड कांस्टेबल सुशीला और कांस्टेबल नवीन व पंकज की एक विशेष टीम गठित की गई। पीड़ितों को तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से खाने के नमूने जब्त किए। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी महिला का पीछा किया और पाया कि वह उत्तर प्रदेश के बरेली में छिपी हुई है। पुलिस टीम ने बरेली में छापेमारी कर 27 फरवरी को उसे धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह पहले नोएडा में एक केयरटेकर के रूप में काम करती थी। वहां एक बुजुर्ग महिला नींद की गोलियां लेती थी, जहाँ से उसने चोरी-छिपे छह गोलियां निकाल ली थीं। पश्चिम विहार में नौकरी मिलते ही उसने उन गोलियों को पीसकर खाने में मिला दिया ताकि परिवार के सो जाने पर वह आलमारी साफ कर सके। फिलहाल पुलिस आरोपी से चोरी की गई बाकी रकम की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है। पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या एजेंसी से कर्मचारी रखते समय उनका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More