दिल्ली पुलिस ने दबोचा लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर हमला करने वाला मुख्य शूटर; बैंकाक से डिपोर्ट होने के बाद दिल्ली में गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के उत्तर जिला की संयुक्त टीमों ने आईएसबीटी कश्मीरी गेट के पास लॉरेंस बिश्नोई की कानूनी टीम से जुड़े एडवोकेट दीपक खत्री पर हुई फायरिंग के मामले में मुख्य साजिशकर्ता और शूटर रोहित सोलंकी (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रोहित सोलंकी, निवासी पूठ कलां (दिल्ली), शातिर गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग का सक्रिय सदस्य है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अत्याधुनिक ग्लॉक पिस्टल और ₹39,500 नकद बरामद किए हैं। यह गिरफ्तारी एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के सर्च ऑपरेशन के बाद संभव हुई, क्योंकि वारदात के बाद आरोपी बैंकाक (थाईलैंड) भाग गया था, लेकिन वहां से डिपोर्ट होने के बाद दिल्ली पुलिस ने उसे बाहरी दिल्ली के माजरा डबास गांव से धर दबोचा।

उत्तर जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 24 फरवरी की रात एडवोकेट दीपक खत्री अपने दोस्तों के साथ कश्मीरी गेट स्थित मरघट वाले बाबा मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान रिंग रोड पर दोपहिया वाहन सवार हमलावरों ने उनकी कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें उनके साथी संदीप को दो गोलियां लगी थीं। इस सनसनीखेज मामले की जांच के लिए स्पेशल स्टाफ और एंटी-नारकोटिक्स सेल सहित कई टीमें गठित की गई थीं। एसीपी कोतवाली शंकर बनर्जी के पर्यवेक्षण में पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 200 से अधिक संदिग्धों की जांच के बाद रोहित सोलंकी की पहचान की।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह हमला गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ के इशारे पर किया गया था। दरअसल, नवंबर 2025 में दुबई में लॉरेंस बिश्नोई के मुख्य फाइनेंसर सुखदीप उर्फ सिप्पी की हत्या और दिसंबर 2025 में चंडीगढ़ में रोहित गोदारा के गुर्गे इंदरप्रीत उर्फ पैरी के कत्ल के बाद दोनों गैंगों के बीच रंजिश चरम पर थी। रोहित गोदारा ने दीपक खत्री को निशाना बनाने का काम रोहित सोलंकी को सौंपा था। सोलंकी ने इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया लीड्स के जरिए एक हफ्ते तक मंदिर की रेकी की और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए जयपुर के रास्ते बैंकाक की फ्लाइट पकड़ ली थी, लेकिन वहां इमिग्रेशन अधिकारियों ने संदेह होने पर उसे वापस भारत डिपोर्ट कर दिया। वहीं, वारदात में इस्तेमाल की गई ग्लॉक पिस्टल आरोपियों ने राजघाट के पास फेंक दी थी, जो एक ट्रक ड्राइवर को मिली और बाद में पटपड़गंज इलाके में दुर्घटनावश चली गोली के बाद पुलिस ने बरामद की। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य हमलावरों और रोहित गोदारा के अन्य संपर्कों की तलाश में जुटी है। फिलहाल आरोपी रोहित सोलंकी पुलिस हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More