द्वारका पुलिस ने दबोचा शातिर ऑटो-लिफ्टर; चोरी की तीन स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला की थाना द्वारका साउथ टीम ने एक सक्रिय वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन स्कूटी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू (36 वर्ष), निवासी राजनगर पार्ट-II, पालम, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी बेरोजगार है और पहले भी वाहन चोरी के तीन अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर द्वारका के सेक्टर-11, सेक्टर-12 और सेक्टर-13 से चोरी की गई तीनों स्कूटी सफलतापूर्वक बरामद कर ली हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 5 फरवरी को द्वारका सेक्टर-11 से एक स्कूटी चोरी होने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसीपी द्वारका किशोर कुमार रेवाला और थाना प्रभारी राजेश कुमार साह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सुधीर यादव, मनोज यादव, महेश मीणा और कांस्टेबल तुषार यादव की एक समर्पित टीम गठित की गई। टीम ने अपराधियों का पता लगाने के लिए क्षेत्र के 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिरों के माध्यम से तकनीकी व मैन्युअल जानकारी जुटाई।

22 फरवरी की शाम करीब 7:00 बजे, हेड कांस्टेबल सुधीर यादव को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-09 स्थित डीडीए पार्क के पास आएगा। पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने स्कूटी छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने पीछा कर उसे धर दबोचा। जांच में पता चला कि वह जो स्कूटी चला रहा था, वह सेक्टर-11 से चोरी की गई थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी सोनू ने अपना जुर्म स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर दो अन्य चोरी की स्कूटी भी बरामद की गईं। इनमें से एक स्कूटी सेक्टर-12 से 28 जनवरी को और दूसरी सेक्टर-13 से 14 फरवरी को चोरी की गई थी। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड के विश्लेषण से पता चला कि उसके खिलाफ द्वारका नॉर्थ और साउथ थानों में पहले से तीन मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई से वाहन चोरी के तीन महत्वपूर्ण मामले सुलझा लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है या उसने और भी कई वाहनों पर हाथ साफ किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More