द्वारका साउथ पुलिस ने सुलझाई सेंधमारी की वारदात, ‘टमाटर’ गैंग के 3 सदस्य दबोचे

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला की थाना द्वारका साउथ टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक ऑफिस में हुई सेंधमारी की वारदात को महज 12 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के सरगना रोहित उर्फ टमाटर (23 वर्ष), निवासी पालम कॉलोनी और दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया 9 किलोग्राम तांबे का तार और एलपीजी गैस फिटिंग के 229 पीतल के वाल्व व अन्य सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत ₹2,00,000 से अधिक आंकी गई है। मुख्य आरोपी रोहित उर्फ टमाटर पालम विलेज थाने का घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के 20 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 14 फरवरी 2026 को द्वारका साउथ थाने में एक ऑफिस के स्टोर की लोहे की ग्रिल तोड़कर तांबे के तार और गैस फिटिंग का कीमती सामान चोरी होने की शिकायत मिली थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी द्वारका किशोर कुमार रेवाला और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार साह के नेतृत्व में एएसआई महावीर, हेड कांस्टेबल संदीप, नरेश, प्रवीण यादव और सत्य नारायण की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया।

जांच के दौरान हेड कांस्टेबल संदीप को गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल एक आरोपी बागडोला गांव के इलाके में छिपा हुआ है। टीम ने बिना समय गंवाए वहां छापेमारी की और द्वारका सेक्टर-8 स्थित एक पार्क से तीनों आरोपियों को उस समय दबोच लिया जब वे भागने की फिराक में थे। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किया गया सारा सामान बरामद हुआ, जिसे शिकायतकर्ता ने मौके पर ही पहचान लिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर एफआईआर के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ड्रग्स के आदी हैं और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए पैसों की जरूरत थी। चूंकि वे आसपास के इलाकों में ही रहते थे, इसलिए उन्हें ऑफिस के स्टोर की जानकारी थी। 13-14 फरवरी की रात उन्होंने ग्रिल तोड़कर सारा कीमती सामान उड़ा लिया था। रोहित उर्फ टमाटर की गिरफ्तारी से द्वारका साउथ और आसपास के इलाकों में हुई चोरी और सेंधमारी के 8 मामले सुलझा लिए गए हैं। फिलहाल बालिग आरोपी को जेल और दोनों किशोरों को सुधार गृह भेज दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More