कार का दरवाजा खुलते ही टकराकर गिरा स्कूटी सवार, पीछे से आई डीटीसी बस ने कुचला, हुई मौत

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में मंगलवार को एक रूह कपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। उत्तम नगर वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास एक कार का दरवाजा अचानक खुलने के कारण स्कूटी सवार युवक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया, जिसे पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीटीसी बस ने कुचल दिया। हादसे में घायल युवक को तुरंत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे ‘मृत’ घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उत्तम नगर निवासी दक्ष (30) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार को उस वक्त हुआ जब सड़क के बाईं ओर एक टोयोटा इटियोस कार खड़ी थी। कार में सवार एक यात्री की तबीयत अचानक खराब हो गई थी और उसे शौचालय जाने की आवश्यकता थी। यात्री ने जैसे ही कार का दाहिनी ओर का पिछला दरवाजा खोला, पीछे से आ रही एक स्कूटी सीधे खुले हुए दरवाजे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दक्ष सड़क के बीचों-बीच गिर पड़ा।

स्कूटी सवार दक्ष अभी संभल पाता, तभी पीछे से आ रही एक डीटीसी बस उसे कुचलती हुई निकल गई। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल से तीनों वाहनों—डीटीसी बस, स्कूटी और इटियोस कार—को कब्जे में ले लिया है।

उत्तम नगर थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कार का दरवाजा खोलते समय ट्रैफिक नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया और बस की रफ्तार क्या थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए हादसे की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। युवक की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More