भजनपुरा में तड़के गूंजी गोलियां, विजय पार्क में घर के बाहर बदमाशों ने की हवाई फायरिंग

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के हथियारबंद बदमाशों ने सरेराह फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। विजय पार्क, मौजपुर इलाके में एक घर को निशाना बनाते हुए 2-3 हमलावरों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, वारदात मंगलवार तड़के की है। विजय पार्क निवासी मोहम्मद अब्दुल कादिर (39) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह के वक्त अचानक उनके घर के सामने 2 से 3 अज्ञात लोग पहुंचे और हवा में गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गए। सूचना मिलते ही भजनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से साक्ष्य एकत्र किए। भजनपुरा पुलिस ने अब्दुल कादिर के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(6)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और उनके रूट का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश या इलाके में वर्चस्व कायम करने की कोशिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने स्थानीय निवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More