द्वारका पुलिस ने ‘फेशियल रिकग्निशन सॉफ्टवेयर’ से दबोचे 3 शातिर सेंधमार; दिनदहाड़े चोरी की 14 वारदातें सुलझीं

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला की एंटी-बर्गरली सेल ने एक विशेष अभियान के तहत दिनदहाड़े सेंधमारी करने वाले गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजीव (39 वर्ष), विशाल उर्फ चपटा (22 वर्ष) और अमन कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, 06 मोबाइल फोन, एक गैस सिलेंडर और भारी मात्रा में चोरी किए गए बर्तन बरामद किए हैं। पुलिस ने अत्याधुनिक एआई टूल ‘फेशियल रिकग्निशन सॉफ्टवेयर’ की मदद से मुख्य आरोपी अमन की पहचान की और जाल बिछाकर तीनों को उत्तम नगर के अंबेडकर पार्क के पास से दबोच लिया। इनकी गिरफ्तारी से द्वारका जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी और सेंधमारी के 14 मामले सुलझा लिए गए हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि उत्तम नगर और आसपास के इलाकों में दिनदहाड़े हो रही सेंधमारी की घटनाओं को देखते हुए एंटी-बर्गरली सेल को जांच सौंपी गई थी। इंस्पेक्टर विवेक मैन्दोला के नेतृत्व में एसआई विनोद, हेड कांस्टेबल वरुण, अनिल, प्रवीण और अन्य जवानों की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान टीम को एक वारदात स्थल के पास आरोपियों की धुंधली तस्वीर मिली, जिसे ‘फेशियल रिकग्निशन सॉफ्टवेयर’ में सर्च किया गया। सॉफ्टवेयर के जरिए आरोपी अमन कुमार का मिलान हो गया, जो पहले भी चोरी के दो मामलों में शामिल रहा था।

तकनीकी और मैन्युअल निगरानी के बाद 24 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि अमन अपने साथियों के साथ अंबेडकर पार्क आएगा। टीम ने मौके पर घेराबंदी की और जब आरोपी मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे, तो उन्हें रुकने का इशारा किया। आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उन्हें काबू कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी राजीव दिल्ली पुलिस के हरि नगर थाने में होमगार्ड के रूप में तैनात है, जबकि अमन और विशाल मजदूरी करते हैं। ये तीनों स्मैक के नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए ही उन्होंने मिलकर सेंधमारी शुरू कर दी थी।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिन के समय उन घरों की रेकी करते थे जहां लोग काम पर गए होते थे या घर पर ताला लगा होता था। मौका मिलते ही वे घर में घुसकर जेवर, नकदी, बर्तन और गैस सिलेंडर तक उड़ा लेते थे। उन्होंने विकासपुरी के एक सुनार के पास चोरी के सोने के जेवर भी गिरवी रखे थे। बरामद मोटरसाइकिल भी नजफगढ़ इलाके से चोरी की गई पाई गई। फिलहाल पुलिस इन आरोपियों से और अधिक पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों और चोरी का सामान खरीदने वालों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More