द्वारका में कैंटीन संचालक की नृशंस हत्या; दोस्त ने ही रची थी साजिश, शव के टुकड़े कर यमुना में फेंका

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला की एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक सनसनीखेज कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हैप्पी उर्फ सूरज (29 वर्ष), भूपेंद्र (27 वर्ष), राखी (21 वर्ष) और बलराम (28 वर्ष) के रूप में हुई है। इस खौफनाक वारदात में आरोपियों ने 48 वर्षीय कैंटीन संचालक अनरूप गुप्ता की बेरहमी से हत्या कर उनके शव के टुकड़े किए और उन्हें तीन प्लास्टिक बैग में भरकर उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित यमुना नदी में फेंक दिया। पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से यमुना नदी से शव के टुकड़े, वारदात में इस्तेमाल की गई किया सेल्टोस कार, और मृतक के सोने के गहने बरामद कर लिए हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 23 फरवरी को अनरूप गुप्ता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जो सेक्टर-13 स्थित छत्तीसगढ़ सदन में कैंटीन चलाते थे। वे 18 फरवरी से लापता थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सुभाष चंद के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राजूराम की टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि अनरूप गुप्ता को आखिरी बार मटियाला एक्सटेंशन स्थित एक इमारत में प्रवेश करते देखा गया था, लेकिन वे बाहर नहीं निकले। तकनीकी जांच और रैपिडो राइडर की मदद से पुलिस उस घर तक पहुँची जहाँ अनरूप को छोड़ा गया था।

पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य साजिशकर्ता हैप्पी उर्फ सूरज ने अनरूप गुप्ता के सोने के गहनों के लालच में अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। 18 फरवरी को हैप्पी ने अनरूप को पार्टी के बहाने अपने किराए के कमरे पर बुलाया, जहाँ भूपेंद्र, बलराम और नीरज ने उन्हें बंधक बना लिया। जब अनरूप ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उनकी पिटाई की और चाकू घोंपकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद एक बड़े छुरे से शव के टुकड़े किए गए और उन्हें प्लास्टिक बैग में भरकर अनरूप की ही कार से मथुरा ले जाकर यमुना में फेंक दिया गया।

पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने मृतक के मोबाइल से उनके स्टाफ को कैंटीन बंद करने और परिवार को गोवा जाने का फर्जी मैसेज भेजा था ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने कार की लोकेशन और टोल प्लाजा के फुटेज के आधार पर हैप्पी को ट्रेस किया और कड़ी पूछताछ के बाद उसने पूरा राज उगल दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश से अन्य साथियों को दबोच लिया। बरामदगी के लिए पुलिस ने मथुरा के यमुना पार थाना क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया और नदी से शव के हिस्सों वाले बैग बरामद किए। फिलहाल एक फरार आरोपी नीरज की तलाश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More