शराब के नशे में हुई मामूली कहासुनी, दोस्त को उतारा मौत के घाट, जनता ने भागते हत्यारों को सबक सिखाकर पुलिस को सौंपा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के बाहरी उत्तरी जिला के थाना समयपुर बादली की टीम ने मेट्रो स्टेशन के पास हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शशि भूषण (22 वर्ष) और शिवम (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राजा विहार, दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना चाकू घटनास्थल के पास कूड़े के ढेर से बरामद कर लिया है। यह वारदात आपसी कहासुनी के बाद अंजाम दी गई, जिसमें 20 वर्षीय अंकित की जान चली गई। भागने की कोशिश कर रहे दोनों आरोपियों को मौके पर मौजूद जनता ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

बाहरी उत्तरी जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 1 मार्च की सुबह समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो वहां सड़क पर भारी मात्रा में खून बिखरा हुआ था। जांच में पता चला कि पीड़ित अंकित (20 वर्ष) को पीसीआर वैन के जरिए अस्पताल ले जाया गया है, जहाँ डॉक्टरों ने उसे ‘मृत’ घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक अंकित और दोनों आरोपी एक-दूसरे के परिचित थे। वारदात से पहले तीनों एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शराब के नशे में उनके बीच किसी बात को लेकर अचानक कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान आरोपी शिवम ने चाकू निकालकर अंकित पर घातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर जब दोनों आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी वहां मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया और पकड़ लिया। भीड़ द्वारा की गई पिटाई में आरोपी भी घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस सुरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर जब गहन पूछताछ की, तो उनकी निशानदेही पर वह चाकू भी मिल गया जिसे उन्होंने पास ही कूड़े के ढेर में फेंक दिया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मृतक और आरोपी एक ही इलाके के रहने वाले थे। फिलहाल पुलिस इस मामले में चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है और कत्ल की असली वजह का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। आरोपियों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More