मॉरीशस के नागरिक से हुई जेबतराशी का दिल्ली पुलिस ने किया खुलासा, विदेशी सिम समेत फोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला अंतर्गत थाना नबी करीम और थाना करोल बाग की संयुक्त टीम ने विदेशी पर्यटकों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए महज 8 घंटों के भीतर जेबतराशी की एक वारदात को सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक 16 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा है, जो वर्तमान में बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास रैन बसेरे में रह रहा था। पुलिस ने इसके कब्जे से चोरी किया गया सफेद रंग का हुवावे मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जिसमें शिकायतकर्ता की भारतीय और मॉरीशस की दोनों सिम कार्ड सुरक्षित पाई गई हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 25 फरवरी को मॉरीशस के रहने वाले एक 56 वर्षीय विदेशी पर्यटक ने थाना नबी करीम में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित अपनी पत्नी के साथ पहाड़गंज के आराकाशां रोड स्थित भीड़भाड़ वाले बाजार में घूम रहे थे, तभी किसी ने उनकी जेब से मोबाइल फोन साफ कर दिया। विदेशी पर्यटक और राजधानी की छवि से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने तुरंत ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। एसीपी पहाड़गंज के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी नबी करीम के नेतृत्व में एसआई नीरज राठी, हेड कांस्टेबल विकास, राजबीर और मनोज की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने बाजार के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया, जिससे एक संदिग्ध की पहचान हुई। सीसीटीवी फुटेज का पीछा करते हुए पुलिस ने आरोपी के मूवमेंट को डीबीजी रोड से करोल बाग तक ट्रैक किया। तकनीकी निगरानी और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने एक संक्षिप्त पीछा करने के बाद आरोपी को वारदात के मात्र 8 घंटे के भीतर करोल बाग इलाके से धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से विदेशी पर्यटक का फोन मिल गया।

पूछताछ के दौरान किशोर ने खुलासा किया कि उसके माता-पिता के बिछड़ने और पिता की मृत्यु के बाद वह लावारिस की तरह रह रहा था और उसे नशे की लत लग गई थी। इसी लत को पूरा करने के लिए उसने भीड़भाड़ वाले बाजार में विदेशी जोड़े को देख मौका पाकर जेब से मोबाइल निकाल लिया था। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन विदेशी पर्यटक को सौंप दिया है और आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। दिल्ली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की विदेशी पर्यटक ने सराहना की है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More