नबी करीम में पैदल चलकर दिया था वारदात को अंजाम, पहाड़गंज थाना पुलिस ने दबोचा झपटमारों का गिरोह

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला अंतर्गत थाना पहाड़गंज की टीम ने मोबाइल झपटमारी की एक वारदात को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए एक मुख्य आरोपी सहित दो नाबालिगों को पकड़ा है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान गौतम उर्फ गोमची (19 वर्ष), निवासी सदर बाजार के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ दो किशोर “टी” (17 वर्ष) और “जी” (17 वर्ष) को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इन आरोपियों को मोतिया खान इलाके से दबोचा है। हालांकि, आरोपियों ने छीना गया मोबाइल पहले ही बेच दिया था, जिसकी बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी और प्रयास कर रही हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 20 फरवरी को एक शिकायतकर्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह नबी करीम से पैदल घर लौट रहा था, तभी तीन-चार लड़कों ने उसे घेरा और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पहाड़गंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई और जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी पहाड़गंज के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एएसआई घनश्याम मीणा, हेड कांस्टेबल रॉबिन, जगवीर और अन्य जवानों की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने वारदात स्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। साथ ही, स्थानीय मुखबिरों और मैनुअल इंटेलिजेंस नेटवर्क को सक्रिय किया गया। कड़ी मशक्कत और लगातार फील्ड वेरिफिकेशन के बाद, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी मोतिया खान इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने 23 फरवरी 2026 को रणनीतिक घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को सफलतापूर्वक दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे बुरी संगत में पड़ गए थे और नशे की लत को पूरा करने के लिए झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने लगे। आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि वारदात के तुरंत बाद उन्होंने मोबाइल फोन बेच दिया था। फिलहाल, बालिग आरोपी गौतम को जेल और दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने चोरी का मोबाइल खरीदा था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More