मां की जान लेने के लिए पीछे भाग रहे कलयुगी बेटे को चाकू के साथ दबोचा, 35 मामलों में शामिल हिस्ट्रीशीटर से चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला के थाना प्रीत विहार की टीम ने एक सतर्क कार्रवाई करते हुए अपनी ही मां की जान के पीछे पड़े एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान नसरुद्दीन उर्फ गोलू (28 वर्ष), निवासी झुग्गी राधू पैलेस, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी और झपटमारी जैसे 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल एक महिला की जान बची, बल्कि इलाके में होने वाली एक संभावित जघन्य वारदात को भी समय रहते टाल दिया गया।

पूर्वी दिल्ली जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि इलाके में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘नाइट पेट्रोलिंग’ और ‘पिकेट चेकिंग’ अभियान के दौरान हेड कांस्टेबल लोकेंद्र और हेड कांस्टेबल योगेश की टीम तैनात थी। 27 फरवरी की रात को 50 वर्षीय एक महिला (अंसुरा बेगम) बेहद डरी-सहमी हालत में पुलिस बैरिकेड पर पहुँची। उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि उसका बेटा उसे जान से मारने की धमकी देते हुए उसका पीछा कर रहा है। इसी दौरान आरोपी नसरुद्दीन चिल्लाते हुए वहां पहुँचा और पुलिस को देखकर विपरीत दिशा में भागने लगा। मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पायजामे की जेब से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा अक्सर यह चाकू अपने पास रखता है और आए दिन उसे जान से मारने की धमकी देता है। उस रात भी वह इसी नीयत से उसका पीछा कर रहा था। आरोपी नसरुद्दीन एक आदतन अपराधी है और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आता है। वह अनपढ़ है और नशे की लत व आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान और अवैध हथियार की बरामदगी के आधार पर थाना प्रीत विहार में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। पूर्वी जिला पुलिस नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की एरिया डोमिनेशन की कवायद लगातार जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More