तुर्कमान गेट के अस्पताल में पारिवारिक विवाद में खूनी खेल, साले पर चाकू से हमला करने वाला जीजा और उसके तीन साथी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला अंतर्गत थाना चांदनी महल की टीम ने तुर्कमान गेट स्थित एक अस्पताल में हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात को महज चंद घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक सोची-समझी साजिश के तहत अस्पताल परिसर के भीतर अपने ही साले पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किए गए तीन चाकू और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 24 फरवरी को तुर्कमान गेट के शारदा मेडिकल सेंटर में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि आरोपी वसीम की पत्नी ‘S’ को उसकी बहन ने अस्पताल में भर्ती कराया था। सूचना मिलने पर वसीम अपनी मां के साथ वहां पहुँचा, जहां उसका अपने ससुराल वालों से झगड़ा हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि वसीम ने अपने भाई फहीम को मदद के लिए बुला लिया। फहीम अपने दो दोस्तों, सलमान और मोहम्मद अली के साथ हथियारों से लैस होकर स्कूटी पर वहां पहुँचा और वसीम के साले ‘A’ के पेट में चाकू घोंप दिया। जब पीड़ित के पिता और चाचा उसे बचाने आए, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

एसीपी कमल शर्मा के मार्गदर्शन और चांदनी महल थाना प्रभारी के नेतृत्व में तुर्कमान गेट चौकी प्रभारी एसआई परमेंद्र कुमार, एएसआई बाल हुसैन और अन्य जवानों की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने अस्पताल और आसपास की गलियों में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और एफआईआर दर्ज होने के महज 5 घंटे के भीतर वसीम (31), फहीम (33), सलमान (27) और मोहम्मद अली (23) को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी वसीम ने कबूल किया कि उसका अपनी पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता था। उसे शक था कि उसका साला उसकी पत्नी को भड़काता है और उनके निजी जीवन में हस्तक्षेप करता है। इसी रंजिश के चलते उसने उसको सबक सिखाने की योजना बनाई थी। वारदात वाले दिन जब उसे पता चला कि वह अस्पताल में मौजूद होगा, तो उसने अपने भाई और दोस्तों को हथियारों के साथ वहां बुलाकर हमला करवा दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि इन आरोपियों के खिलाफ साल 2021 में भी चांदनी महल थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और तीन धारदार हथियार बरामद कर लिए हैं। सभी घायलों का उपचार कराया गया है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके में कानून-व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More