जीबी पंत अस्पताल की पार्किंग से बाइक चुराने वाला शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, कश्मीरी गेट से बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला अंतर्गत ‘थाना आईपी एस्टेट’ की एलएनजेपी पुलिस चौकी टीम ने अस्पताल परिसर से वाहन चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है, जो उसने जीबी पंत अस्पताल की पार्किंग से उड़ाई थी। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए चोरी की बाइक को कश्मीरी गेट की पार्किंग में खड़ा कर दिया था।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 23 जनवरी को एक शिकायतकर्ता ने ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसकी मोटरसाइकिल जीबी पंत अस्पताल की पार्किंग में खड़ी थी, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने चुरा लिया है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान से हुई इस चोरी को गंभीरता से लेते हुए आईपी एस्टेट थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(B) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसीपी कमला मार्केट के मार्गदर्शन और आईपी एस्टेट थाना प्रभारी के नेतृत्व में ‘एलएनजेपी पुलिस चौकी’ के एएसआई राजकुमार, हेड कांस्टेबल किशन पाल और कांस्टेबल सुरेंद्र की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने अस्पताल परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। तकनीकी जांच और स्थानीय मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित की गई।

24 फरवरी को पुलिस टीम को सटीक सूचना मिली कि आरोपी दरियागंज इलाके में मौजूद है। टीम ने बिना समय गंवाए छापेमारी कर 42 वर्षीय रेहान उर्फ सोनू, निवासी दरियागंज को धर दबोचा। कड़ी पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और बताया कि उसने चोरी की मोटरसाइकिल को कश्मीरी गेट इलाके की एक पार्किंग में छिपाकर रखा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कश्मीरी गेट से चोरी की बाइक बरामद कर ली है।

जांच में सामने आया कि रेहान उर्फ सोनू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ साल 2016 में स्वरूप नगर थाने में अपहरण जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने अस्पतालों की पार्किंग से और कितने वाहनों पर हाथ साफ किया है। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More