जेल से बाहर आते ही फिर की चोरी: नबी करीम पुलिस ने 48 घंटे में दबोचा शातिर हिस्ट्रीशीटर, जेवर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला अंतर्गत थाना नबी करीम की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए रात के समय हुई एक चोरी की गुत्थी को महज 48 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इलाके के एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और बैड कैरेक्टर को गिरफ्तार किया है, जो कुछ ही दिन पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के मोरपंख, नेकलेस और अन्य जेवर बरामद कर लिए हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 22 फरवरी को नबी करीम इलाके की एक महिला ने ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि 21 और 22 फरवरी की दरमियानी रात जब वह घर पर नहीं थीं, तब किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का ताला तोड़कर ₹40,000 नकद और कीमती जेवर चोरी कर लिए। इस संबंध में नबी करीम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसीपी पहाड़गंज के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी नबी करीम के नेतृत्व में एसआई विपुल तोमर, हेड कांस्टेबल राकेश और सुमित की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मुंह ढका हुआ घर में घुसते देखा गया। पुलिस ने आरोपी की चाल-ढाल और उसके कपड़ों का गहन विश्लेषण किया, जिससे उसकी पहचान इलाके के पुराने अपराधी विनय (37) के रूप में हुई।

पहचान उजागर होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की। अंततः 24 फरवरी को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे कुतुब रोड स्थित टिकोना पार्क के पास से धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए चांदी के मोरपंख, एक नेकलेस और चांदी के अन्य छोटे गहने बरामद हुए। पुलिस ने वारदात के समय पहने गए उसके कपड़े भी जब्त कर लिए हैं, जो सीसीटीवी फुटेज से मेल खाते हैं।

जांच में सामने आया कि विनय नबी करीम थाने का घोषित अपराधी है और उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों (रूप नगर, आदर्श नगर, पश्चिम विहार, मुखर्जी नगर आदि) के अलावा जयपुर (राजस्थान) में भी लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के 12 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। हैरानी की बात यह है कि वह इस वारदात से महज कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि चोरी किए गए कैश की बरामदगी की जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More