प्रसाद नगर पुलिस ने सुलझाई झपटमारी की वारदात, लुटेरा कन्नू गिरफ्तार, फोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला अंतर्गत थाना प्रसाद नगर की टीम ने सक्रियता और पेशेवर जांच का परिचय देते हुए मोबाइल झपटमारी की एक वारदात को महज 4 दिनों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने बापा नगर इलाके से एक कुख्यात झपटमार को गिरफ्तार किया है, जो अपनी किशोरावस्था से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में छीना गया रीयलमी-9 मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 20 फरवरी को प्रसाद नगर थाने में झपटमारी की एक शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह बापा नगर इलाके से पैदल जा रहा था, तभी दो युवकों ने उसे घेरा और उसका रीयलमी-9 मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

एसीपी करोल बाग आशीष कुमार के मार्गदर्शन और प्रसाद नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई साहिल, कांस्टेबल शुभम, पंकज, राजेश और अजय की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया और ‘आइज एंड ईयर्स’ स्कीम के तहत स्थानीय मुखबिरों से जानकारी जुटानी शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और मैन्युअल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने संदिग्ध की पहचान कर उसकी लोकेशन ट्रैक की।

कड़ी मशक्कत के बाद 24 फरवरी को पुलिस टीम ने जतिन उर्फ कन्नू (19), निवासी बापा नगर को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हो गया। पूछताछ में सामने आया कि जतिन बचपन से ही गलत संगत और नशे की दुनिया में कदम रख चुका था। उसके खिलाफ किशोरावस्था के दौरान भी दो डीडी एंट्री दर्ज हैं, जिनमें से एक मामला एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है। वह इलाके में सक्रिय रूप से झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके फरार साथी का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More