बसंत रोड से गायब हुई मोटरसाइकिल के साथ फरीदाबाद का शातिर ऑटो-लिफ्टर गिरफ्तार, बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला अंतर्गत थाना पहाड़गंज की टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली के विभिन्न इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी करने में शामिल था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 25 जनवरी को पहाड़गंज थाने में मोटरसाइकिल चोरी की एक ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसकी मोटरसाइकिल पहाड़गंज के बसंत रोड स्थित राहुल गेस्ट हाउस के पास खड़ी थी, जो वहां से गायब पाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत वाहन की तलाश और आरोपी की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू किया।

थाना प्रभारी पहाड़गंज के नेतृत्व में एएसआई राकेश, हेड कांस्टेबल जगवीर और कांस्टेबल दीपक व पुनीत की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों के नेटवर्क को सक्रिय किया गया। कई दिनों की कड़ी मशक्कत और मैनुअल वेरिफिकेशन के बाद पुलिस को संदिग्ध के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

14 फरवरी को पुलिस टीम को सटीक गुप्त सूचना मिली कि आरोपी चोरी की बाइक के साथ मोतिया खान चौक, सदर थाना रोड के पास आने वाला है। सूचना मिलते ही टीम ने जाल बिछाया और 26 वर्षीय रोहित उर्फ देव, निवासी एनआईटी फरीदाबाद (हरियाणा) को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से पहाड़गंज इलाके से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद हो गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही नॉर्थ एवेन्यू और मंदिर मार्ग थानों में चोरी और लूट की धाराओं के तहत दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने दिल्ली-एनसीआर में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और उसके साथ इस खेल में और कौन-कौन शामिल है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More