रैपिडो ड्राइवर को OTP बताते ही हाथ से झपटा iPhone, लिबर्टी सिनेमा के पास वारदात करने वाला आरोपी अब जेल में

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिला अंतर्गत थाना डीबीजी रोड की टीम ने पेशेवर कार्यकुशलता का परिचय देते हुए झपटमारी की एक वारदात को महज 12 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने बापा नगर इलाके के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो पहले भी झपटमारी और चोरी के कई संगीन मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया आईफोन बरामद कर लिया है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 24 फरवरी की रात करीब 8:40 बजे एक व्यापारी करोल बाग स्थित अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। उन्होंने न्यू रोहतक रोड से रैपिडो के जरिए एक ऑटो बुक किया था। जब वह ऑटो ड्राइवर को ओटीपी बता रहे थे, तभी अचानक एक युवक पैदल आया और उनके हाथ से आईफोन छीनकर लिबर्टी सिनेमा के पास बने खाली मैदान और झाड़ियों की ओर भाग गया। पीड़ित ने उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर गायब हो गया। इस संबंध में डीबीजी रोड थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

एसीपी पहाड़गंज के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एएसआई मोहन लाल, हेड कांस्टेबल सुरेश, कांस्टेबल श्याम लाल, संजय, सौरभ और रोहित की एक ‘क्रैक टीम’ गठित की गई। टीम ने बिना समय गंवाए इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी वारदात स्थल के आसपास घूमता हुआ दिखाई दिया। तकनीकी विश्लेषण और फुटेज की बारीकी से जांच के बाद पुलिस को आरोपी की स्पष्ट तस्वीर मिल गई, जिसे गुप्तचरों के नेटवर्क में साझा किया गया।

स्थानीय खुफिया जानकारी और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दीपक उर्फ कालिया उर्फ जानू (22), निवासी बापा नगर को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से छीना गया मोबाइल बरामद हो गया। पूछताछ में सामने आया कि दीपक एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ करोल बाग, डीबीजी रोड, लाहौरी गेट और सराय रोहिल्ला थानों में लूट, झपटमारी और चोरी के कम से कम चार मामले पहले से दर्ज हैं। 12 घंटे के भीतर हुई इस सफल गिरफ्तारी ने पुलिस की सतर्कता और पेशेवर जांच को एक बार फिर साबित किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More