पंजाबी बाग पुलिस ने स्नैचिंग करने वाले दो शातिर बदमाशों सहित एक किशोर को पकड़ा, चोरी के 4 मोबाइल और स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला के थाना पंजाबी बाग की पुलिस टीम ने इलाके में बढ़ती झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्नैचिंग के मामले में शामिल दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी और आईफोन-15 प्रो मैक्स सहित कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 26 फरवरी को झपटमारी की एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर पंजाबी बाग थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी जयप्रकाश के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी संजय दहिया के नेतृत्व में एसआई यशस्वी, हेड कांस्टेबल गौरव और कांस्टेबल मोहित की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया और तकनीकी निगरानी की मदद से संदिग्धों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय निमेष उर्फ निक्कू और हेमंत उर्फ हर्ष के रूप में हुई है, जो निहाल विहार के बाबा चौक इलाके के रहने वाले हैं। इनके साथ एक किशोर को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने इनके पास से जो स्कूटी बरामद की है, वह करोल बाग इलाके से चोरी की गई थी। साथ ही, इनके पास से बरामद चार मोबाइलों में से एक आईफोन 15 प्रो मैक्स पंजाबी बाग से ही छीना गया था।

पूछताछ के दौरान पता चला कि यह गैंग चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल कर मोबाइल झपटमारी की वारदातों को अंजाम देता था। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने पंजाबी बाग, करोल बाग और मोती नगर थानों में दर्ज झपटमारी व वाहन चोरी के तीन प्रमुख मामलों को सुलझा लिया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और लूटे गए मोबाइलों के संभावित खरीदारों के बारे में पूछताछ कर रही है। फिलहाल आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More