अपनी ही पेशी देखने पहुंचा था कोर्ट, मुस्तैद पुलिस ने पहचान कर दबोचा; यूपी का शातिर ठग गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला की पुलिस टीम ने न्याय प्रणाली को और सशक्त बनाते हुए एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो साल 2018 से लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस की पीपी सेक्टर-10 द्वारका की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक उद्घोषित अपराधी को उस समय धर दबोचा, जब वह छिपकर अपनी ही अदालती कार्यवाही की टोह लेने पहुँचा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुश्ताक (33), निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह के निर्देशानुसार, भगोड़ों और उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसीपी द्वारका किशोर कुमार रेवाला के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राजेश कुमार साह के नेतृत्व में सेक्टर-10 चौकी प्रभारी एसआई रजत मलिक, एएसआई संजीव कुमार, मुल्क राज और हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार कुलदीप की एक समर्पित टीम गठित की गई थी। आरोपी मुश्ताक के खिलाफ साल 2018 में थाना द्वारका साउथ में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उसने मोबाइल फ्रॉड और पेटीएम विवरण हासिल कर एक व्यक्ति से ₹25,998 ठगे थे।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी साल 2018 से ही पुलिस और कानून से बचकर उत्तर प्रदेश के गोवर्धन इलाके में छिपकर रह रहा था। अदालत में पेश न होने के कारण उसे साल 2023 में न्यायाधीश कृतिका चतुर्वेदी की कोर्ट द्वारा आधिकारिक रूप से उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया गया था। एसआई रजत मलिक को सूचना मिली कि मुश्ताक अपनी कानूनी कार्यवाही की जानकारी लेने के लिए चोरी-छिपे कोर्ट में आ सकता है। इसके बाद उन्होंने संबंधित ‘नैब कोर्ट’ एएसआई मुल्क राज को अलर्ट कर दिया।

जैसे ही आरोपी मुश्ताक कोर्ट परिसर में दाखिल हुआ, सतर्क एएसआई मुल्क राज ने उसे पहचान लिया और तुरंत एसआई रजत मलिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे एएसआई संजीव और हेड कांस्टेबल मुकेश ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुश्ताक पिछले 8 सालों से कानून को गुमराह कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी से न केवल पुराने मामले सुलझे हैं, बल्कि यह अपराधियों के लिए एक कड़ा संदेश है कि कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं। फिलहाल पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More