दिल्ली पुलिस ने सड़कों पर उतारा ‘तेजस पेट्रोल’, स्पेशल CP ने दिखाई हरी झंडी, अब अपराधियों की खैर नहीं

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पूर्वी जिला ने सार्वजनिक सुरक्षा और विज़िबल पुलिसिंग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाते हुए ‘तेजस पेट्रोल’ की शुरुआत की है। शुक्रवार, 27 फरवरी को डीसीपी (दक्षिण-पूर्व) कार्यालय से लॉ एंड ऑर्डर (जोन-II) के स्पेशल सीपी मधुप तिवारी ने इस नई पहल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जॉइंट सीपी (साउदर्न रेंज) एस.के. जैन और डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

‘तेजस पेट्रोल’ का मुख्य उद्देश्य केवल सड़कों पर घूमना नहीं, बल्कि बुद्धिमानी और डेटा आधारित निगरानी सुनिश्चित करना है। स्पेशल सीपी मधुप तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए उपस्थिति, तैयारी और सटीकत अनिवार्य है। तेजस इन तीनों स्तंभों को मजबूत करता है। तकनीक को जमीनी अभियानों के साथ जोड़कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर गश्त का एक उद्देश्य हो और हर तैनाती की जवाबदेही तय की जा सके। यह पहल पारंपरिक पेट्रोलिंग को एक संरचित, तकनीक-सक्षम प्रवर्तन मॉडल में बदल देती है।

डॉ. हेमंत तिवारी के नेतृत्व में इस प्रणाली को हरनित सिंह सूदन द्वारा बेहद बारीकी से डिजाइन और कार्यान्वित किया गया है। तेजस पेट्रोल के तहत चार पहिया वाहन ‘मोबाइल कमांड यूनिट’ के रूप में कार्य करेंगे, जबकि फुर्तीले दो पहिया वाहन संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में त्वरित आवाजाही सुनिश्चित करेंगे। हर वाहन एक मानक ‘ऑपरेशनल रेडीनेस किट’ से लैस है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पहली प्रतिक्रिया प्रभावी हो सके।

तेजस पेट्रोल की सबसे बड़ी विशेषता इसकी जवाबदेही है। जिला नियंत्रण कक्ष के पास एक स्वचालित दैनिक डैशबोर्ड होगा, जो गश्त की कवरेज और कर्मचारियों की तैनाती की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग करेगा। यह ढांचा भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए भी तैयार है, जिससे हॉटस्पॉट मैपिंग और संसाधनों का आवंटन और भी सटीक हो जाएगा। साथ ही, अब कागजी कार्रवाई के बजाय डिजिटल रिपोर्टिंग होगी, जिससे रिकॉर्ड सुरक्षित और कार्य अधिक कुशल होगा।

इस पहल के जरिए अब अपराधियों पर नजर रखने के लिए औचक निरीक्षण और समन्वित प्रवर्तन अभियान चलाए जाएंगे। दिल्ली पुलिस का लक्ष्य एक ऐसी निरंतर और अप्रत्याशित पुलिसिंग प्रणाली बनाना है, जो अपराधियों में डर पैदा करे और नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करे। ‘तेजस’ का लॉन्च दिल्ली पुलिस की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जिसमें वह समय के साथ जनशक्ति, गतिशीलता और आधुनिक उपकरणों का मेल कर जनता की सेवा के लिए खुद को विकसित कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More