रोमानिया के मिलिसाउटी और दिल्ली के महापौरों के बीच सिविक सेंटर में चर्चा

नई दिल्ली: दिल्ली की नगर प्रशासन व्यवस्था और वैश्विक शहरी चुनौतियों को समझने के उद्देश्य से रोमानिया के मिलिसाउटी शहर के महापौर वासिले कारारे ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम मुख्यालय, सिविक सेंटर का दौरा किया। अपनी धर्मपत्नी के साथ पहुंचे महापौर कारारे का दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान दोनों शहरों के बीच शहरी सतत विकास, कचरा प्रबंधन और प्रशासनिक सुधारों को लेकर गहरे सहयोग पर सहमति बनी।

प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने दोनों शहरों के बीच ऐतिहासिक समानता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय नेता संधियों और कूटनीति पर चर्चा करते हैं, लेकिन महापौर के रूप में हम सीधे नागरिकों के दैनिक जीवन, मोहल्लों की गरिमा और बुनियादी सुविधाओं के शिल्पकार हैं।” उन्होंने विश्वास जताया कि रोमानिया और भारत भले ही भौगोलिक रूप से दूर हों, लेकिन अपनी विरासत और जन-सेवा की भावना से एक-दूसरे के करीब हैं।

बैठक के दौरान महापौर कारारे ने दिल्ली के महापौर को रोमानिया आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने ऐतिहासिक केंद्रों के संरक्षण और शहरी प्रशासन में स्मार्ट तकनीकों के एकीकरण के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने की इच्छा जताई। इस अवसर पर एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार और अतिरिक्त आयुक्तों सहित निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने विदेशी मेहमानों को दिल्ली की जटिल और विशाल शहरी संरचना से अवगत कराया।

बैठक में निगम अधिकारियों ने दिल्ली की प्रमुख सेवाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम, कचरा संग्रहण एवं पृथक्करण तंत्र और संपत्ति कर प्रबंधन की ऑनलाइन प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की गई। आयुक्त संजीव खिरवार ने कहा कि दिल्ली की तुलना टोक्यो और न्यूयॉर्क जैसे महानगरों से की जा सकती है, इसलिए यहाँ की चुनौतियाँ भी विशिष्ट हैं। उन्होंने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में निगम कई नई पहलें कर रहा है, जिसे रोमानियाई प्रतिनिधिमंडल ने काफी सराहा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More