‘चाचा’ की हत्या का बदला लेने के लिए नाबालिग को पत्थर से कुचला, फिर पेट्रोल डाल फूँका, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के थाना आदर्श नगर की पुलिस टीम ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक 17 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को पेट्रोल डालकर जला दिया गया था। पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी गौरव उर्फ कालिया (30) और उसके सहयोगी विनय (25) को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह पूरी वारदात पुराने कत्ल का बदला लेने के लिए रची गई एक सोची-समझी साजिश थी।

उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि 12 फरवरी की सुबह मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास झाड़ियों में आग लगने और एक बच्चे का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर एक अधजला और अज्ञात शव बरामद किया। गहन प्रयासों के बाद शव की पहचान 17 वर्षीय विष्णु के रूप में हुई, जो अशोक विहार के जेलर वाला बाग का रहने वाला था। विष्णु की बहन ने पुलिस को बताया कि उसका भाई अगस्त 2025 में हुए दीपक नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में आरोपी था और हाल ही में 31 जनवरी को बाल सुधार गृह से जमानत पर बाहर आया था। उसने यह भी बताया था कि गौरव उर्फ कालिया उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा था।

एसीपी जहांगीरपुरी योगेंद्र खोखर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी लव अत्रे के नेतृत्व में गठित इंस्पेक्टर अश्विनी, एसआई संचित और हेड कांस्टेबल प्रवीण व अन्य की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों का पीछा किया। 17 फरवरी को पुलिस ने विनय को दबोचा, जिसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी गौरव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गौरव, मृतक दीपक का पड़ोसी था और उसे अपना चाचा मानता था। वह दीपक की हत्या का बदला लेने के लिए मौके की तलाश में था।

जांच में सामने आया कि 11 फरवरी की रात करीब 10:45 बजे गौरव, विनय और विष्णु एक साथ शराब पी रहे थे। शराब के नशे में विष्णु ने दीपक की हत्या में अपनी संलिप्तता कबूल की और गौरव को भी खत्म करने की धमकी दी। इससे आगबबूला होकर गौरव ने विनय के साथ मिलकर विष्णु पर पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साक्ष्य मिटाने और पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More