ऑटो से लूटपाट करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार; छीना गया फोन और ऑटो बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला के थाना शकरपुर की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए लूटपाट की एक सनसनीखेज वारदात को महज 24 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है, जो अपने साथी के साथ मिलकर ऑटो-रिक्शा के जरिए देर रात राहगीरों को निशाना बनाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया वन-प्लस मोबाइल फोन बरामद कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल ऑटो-रिक्शा को भी जब्त कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी पहले भी चोरी और लूट के 6 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पूर्वी जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अभिषेक धानिया ने बताया कि 25 फरवरी की रात करीब 1:30 बजे राहुल कुमार नामक युवक के साथ गणेश नगर फ्लाईओवर के पास लूटपाट हुई थी। राहुल जब अपने घर लौट रहा था, तभी ऑटो में सवार दो बदमाशों ने उसे रोका। एक आरोपी ने पीछे से राहुल का गला दबाकर उसे काबू किया, जबकि दूसरे ने उसका कीमती वन-प्लस फोन और नकदी व दस्तावेजों से भरा पर्स छीन लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी उसी ऑटो से फरार हो गए। शिकायत मिलते ही शकरपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी प्रीत विहार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई अनुभव, एएसआई धर्मेंद्र, हेड कांस्टेबल राहुल और कांस्टेबल अविनाश की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गहन तकनीकी विश्लेषण के बाद वारदात में प्रयुक्त ऑटो-रिक्शा के नंबर की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने सीलमपुर और जाफराबाद इलाकों में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने जाफराबाद इलाके में जाल बिछाकर मुख्य आरोपी मोहम्मद रमजान अंसारी (31) को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर देर रात सड़कों पर अकेले चलने वाले लोगों को निशाना बनाता था ताकि ऑटो के जरिए आसानी से भाग सके। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जाफराबाद निवासी रमजान अंसारी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से 6 मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है और लूटे गए पर्स व अन्य दस्तावेजों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। शकरपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके में सुरक्षा के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More