ट्रैफिक सिग्नल पर झपटमारी करने वाला ‘बंदर’ चढ़ा पुलिस के हत्थे: सीलमपुर पुलिस ने सुलझाई मोबाइल लूट की गुत्थी

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना पुलिस ने ट्रैफिक सिग्नल पर राहगीरों और ऑटो सवारों को निशाना बनाने वाले एक शातिर झपटमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोनू उर्फ ‘बंदर’ (25), निवासी भोपुरा (गाजियाबाद) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर है और उस पर पहले से लूट, झपटमारी और चोरी के 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी की दोपहर एक 23 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह ऑटो से जा रही थी। जैसे ही ऑटो धरमपुरा ट्रैफिक सिग्नल पर धीमा हुआ, अचानक एक युवक ने उसके हाथ से मोबाइल फोन झपटा और गलियों में रफूचक्कर हो गया। सीलमपुर थाना पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर जांच शुरू की।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए SHO नरपाल सिंह यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुराने झपटमारों की प्रोफाइल चेक की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध सोनू उर्फ बंदर को घेराबंदी कर दबोच लिया। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सोनू उर्फ बंदर एक पेशेवर अपराधी है। वह दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न इलाकों में सक्रिय था और उस पर आर्म्स एक्ट सहित चोरी व लूट के दर्जनों मामले चल रहे हैं। वह अक्सर ट्रैफिक सिग्नलों पर वाहनों के रुकने का इंतजार करता था और मौका मिलते ही झपटमारी कर फरार हो जाता था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसने हाल के दिनों में सीलमपुर और आसपास के इलाकों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More