लक्जरी SUV से शराब तस्करी का भंडाफोड़: द्वारका स्पेशल स्टाफ ने XUV-500 से जब्त किए 2000 क्वार्टर, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला के स्पेशल स्टाफ टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए लक्जरी XUV-500 कार का इस्तेमाल कर अवैध शराब की सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2000 क्वार्टर (40 पेटी) अवैध शराब बरामद की है और तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा XUV-500 को भी जब्त कर लिया है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह के निर्देशानुसार, दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के जरिए होने वाली अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए एसीपी ऑपरेशंस रविंदर अहलावत के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई। इस टीम में हेड कांस्टेबल विजेंद्र, जगदीश, राजेश, नरेश और जयराम शामिल थे। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रशांत ने जानबूझकर एक महंगी लक्जरी SUV का इंतजाम किया था। उसका मानना था कि पुलिस आमतौर पर छोटी गाड़ियों या कमर्शियल वाहनों की चेकिंग पर ज्यादा ध्यान देती है और लक्जरी गाड़ियों को आसानी से रास्ता मिल जाता है। इसी मनोवैज्ञानिक बढ़त का फायदा उठाकर वह बड़े पैमाने पर तस्करी कर रहा था।

20 फरवरी की सुबह, हेड कांस्टेबल विजेंद्र को गुप्त सूचना मिली कि एक तस्कर भारी मात्रा में हरियाणा मार्का शराब लेकर द्वारका की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही सेक्टर-10 द्वारका स्थित ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के पास जाल बिछाया गया। जब सिल्वर रंग की XUV-500 वहां पहुँची, तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। हालांकि, अलर्ट पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी का पीछा किया और आरोपी को उस समय दबोच लिया जब वह गाड़ी छोड़कर पैदल भागने का प्रयास कर रहा था। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसके भीतर से ‘ताजा संतरा मसालेदार देसी शराब’ के 40 कार्टन बरामद हुए।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 29 वर्षीय प्रशांत, निवासी बुराड़ी, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि प्रशांत केवल 8वीं कक्षा तक पढ़ा है और पहले ड्राइवरी का काम करता था। बुरी आदतों के कारण नौकरी छूटने के बाद वह शराब तस्करों के संपर्क में आया। तस्करों की ऐशो-आराम वाली जिंदगी देखकर उसने भी कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए तस्करी का रास्ता चुन लिया। आरोपी प्रशांत पहले भी दिल्ली एक्साइज एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के दो गंभीर मामलों में शामिल रहा है। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से शराब तस्करी शुरू कर दी थी। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह यह शराब हरियाणा में कहां से लाया था और दिल्ली में किसे सप्लाई करने वाला था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More