एक ही फ्लैट को कई लोगों को बेचकर करोड़ों की ठगी करने वाले बंटी-बबली गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला के थाना द्वारका साउथ पुलिस ने ठगी करने वाले एक ऐसे शातिर दम्पति को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने “बंटी-बबली” फिल्म की तर्ज पर एक ही संपत्ति को कई बार बेचकर मासूम लोगों से करोड़ों रुपये हड़प लिए। पुलिस ने इस जालसाज जोड़े को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है। इस गिरोह का मास्टरमाइंड पति है, जो लोन एजेंट के रूप में काम करता था और अपनी पत्नी के नाम पर दर्ज फ्लैट को ठगी का जरिया बनाता था।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नरेश कुमार सीकरी (57) और उसकी पत्नी शारदा सीकरी (55), निवासी सुख सागर अपार्टमेंट, सेक्टर-9, द्वारका के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने फ्लैट को पहले ही बैंक में गिरवी रख दिया था। बैंक का कर्ज चुकाने और अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने एक ही फ्लैट को कई खरीदारों को बेचने की साजिश रची। दम्पति ने फर्जी तरीके से कई लोगों के साथ ‘एग्रीमेंट टू सेल’ निष्पादित किए और झांसा देकर लगभग ₹2 से ₹2.5 करोड़ रुपये की राशि हड़प ली। पैसे लेने के बाद आरोपी अपना फ्लैट बेचने के बजाय फरार हो गए।

घटना के संबंध में साल 2024 में थाना द्वारका साउथ में धोखाधड़ी की दो एफआईआर दर्ज की गई थीं। आरोपी शारदा सीकरी काफी समय से फरार चल रही थी, जिसके बाद 24 सितंबर 2025 को द्वारका कोर्ट ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। आरोपियों ने अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद एसीपी द्वारका किशोर कुमार रेवाला के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राजेश कुमार साह के नेतृत्व में एसआई नवीन यादव, एएसआई महावीर और हेड कांस्टेबल प्रवीण यादव की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी की मदद से इनका पीछा किया और अंततः इन्हें ग्रेटर नोएडा से धर दबोचा।

पूछताछ में मास्टरमाइंड नरेश कुमार सीकरी ने खुलासा किया कि वह एक लोन एजेंट के रूप में काम करता था, इसलिए उसे संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और कानूनी बारीकियों की अच्छी समझ थी। इसी जानकारी का उपयोग उसने लोगों को ठगने के लिए किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। अदालती प्रक्रिया का पालन करते हुए दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उन अन्य पीड़ितों का भी पता लगा रही है जिन्होंने इस दम्पति के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवाई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More