युवा कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का शांतिपूर्ण सत्याग्रह, सरकार को घेरा, रिहाई की मांग

नई दिल्ली: भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को राजधानी दिल्ली में कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के बैनर तले आयोजित इस ‘शांतिपूर्ण सत्याग्रह’ में कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गिरफ्तार किए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को तत्काल बिना शर्त रिहा किया जाए।

इस सत्याग्रह में एआईसीसी मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और एआईसीसी दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन जैसे प्रमुख चेहरे शामिल हुए। इसके अलावा पंजाब से विधायक राणा गुरजीत सिंह, ओडिशा कांग्रेस प्रभारी अजय कुमार लल्लू, अभिषेक दत्त और तौकीर आलम सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने मंच साझा कर गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की। नेताओं ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना कोई अपराध नहीं है और सरकार आवाज दबाने के लिए दमनकारी नीतियों का सहारा ले रही है।

सत्याग्रह को संबोधित करते हुए नेताओं ने आरोप लगाया कि जब भी देश के युवाओं, किसानों और आम नागरिकों के अधिकारों के लिए प्रधानमंत्री से जवाबदेही मांगी जाती है, तो उसके बदले कार्यकर्ताओं को सलाखों के पीछे डाल दिया जाता है। पवन खेड़ा और श्रीनिवास बीवी ने कहा कि ऐसी कार्रवाई से युवा कांग्रेस का संघर्ष कमजोर होने के बजाय और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे जनता की आवाज उठाने के अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटेंगे।

सत्याग्रह में केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन वरुण पांडेय ने बताया कि यह सत्याग्रह केवल एक शुरुआत है और यदि उनके नेताओं को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More