भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ युवा कांग्रेस का हल्ला बोल, पुलिस से झड़प के बाद कई कार्यकर्ता हिरासत में

नई दिल्ली: अमेरिका के साथ केंद्र सरकार की प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में गुरुवार को भारतीय युवा कांग्रेस ने राजधानी दिल्ली की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन किया। ‘PM Is Compromised’ के नारों के साथ युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता रायसीना रोड की तरफ बढ़ने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई, जिसमें कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आई हैं। पुलिस ने पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि यह ट्रेड डील पूरी तरह से भारत-विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंद दरवाजों के पीछे देश के बाजारों का भविष्य तय किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर किसानों की मेहनत, सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों और युवाओं के रोजगार पर चोट है। नेताओं ने कहा कि देश के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने मांग की है कि इस विवादास्पद डील को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए।

सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री के इजराइल दौरे पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ट्रेड डील को रद्द किए बिना ही विदेश दौरे पर निकल गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार को देश के हितों की चिंता है, तो वह इस डील को रद्द करके दिखाए। युवा कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन वरुण पांडेय ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

इस विरोध प्रदर्शन में एआईसीसी सचिव श्रीनिवास बीवी, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, एआईसीसी ओडिशा प्रभारी अजय कुमार लल्लू और नवनियुक्त एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। सुरक्षा के मद्देनजर रायसीना रोड और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ और उन्होंने सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद रखी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More