ख्याला पुलिस ने दबोचा इलाके का शातिर आदतन अपराधी, चोरी की बाइक और बटनदार चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला के ख्याला थाना अंतर्गत रघुबीर नगर चौकी पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने पैदल गश्त के दौरान एक बेहद शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी की एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया गया है। आरोपी पूर्व में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के लगभग 30 मामलों में शामिल रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि इलाके में प्रभावी निगरानी और अपराध नियंत्रण के लिए एसीपी तिलक नगर डॉ. गरिमा तिवारी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में रघुबीर नगर चौकी प्रभारी एसआई अनुज मोर, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र, कांस्टेबल साजिद और प्रकाश शामिल थे। टीम को संवेदनशील क्षेत्रों में पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।

घटनाक्रम के अनुसार, 24 फरवरी की दोपहर करीब 01:15 बजे जब पुलिस टीम रघुबीर नगर स्थित आर-ब्लॉक मस्जिद नाला रोड के पास पैदल गश्त कर रही थी, तभी उन्होंने एक मोटरसाइकिल सवार को संदिग्ध परिस्थितियों में देखा। पुलिस को देखते ही आरोपी ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ा। इसके बाद उसने पैदल भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पीछा कर दबोच लिया।

तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट की जेब से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। जांच में पता चला कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल की जा रही काले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल दिल्ली के रानी बाग थाने से चोरी की गई थी। पकड़े गए आरोपी की पहचान 44 वर्षीय साबिर, निवासी रघुबीर नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वह इस हथियार और चोरी की बाइक का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए तो नहीं करने वाला था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More