पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास मोबाइल छीनने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की दो बाइक व मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिला के थाना कोतवाली पुलिस ने इलाके में सक्रिय झपटमारों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी चोरी की बाइक का इस्तेमाल झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने के लिए करते थे।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 15 फरवरी की सुबह जहांगीरपुरी निवासी वंश बंसल के साथ कौड़िया पुल ट्रैफिक सिग्नल के पास झपटमारी की वारदात हुई थी। बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका रेडमी मोबाइल छीना और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कोतवाली शंकर बनर्जी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी सुमन कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर ज्ञान प्रकाश, हेड कांस्टेबल भूदेव, नंद किशोर और कांस्टेबल पूरन व अमित की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और संभावित भागने वाले रास्तों के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में आरोपियों की बिना हेलमेट के साफ तस्वीर मिल गई, जिसे स्थानीय खुफिया तंत्र और मुखबिरों के साथ साझा किया गया। निरंतर प्रयासों के बाद 23 फरवरी की शाम को पुलिस ने गीता कॉलोनी पुश्ता के पास घेराबंदी कर नदीम (22) और नसीम उर्फ शानू (23) को उस समय दबोच लिया, जब वे किसी नई वारदात की तलाश में घूम रहे थे। उनके पास से बरामद यामाहा मोटरसाइकिल मानसरोवर पार्क इलाके से चोरी की पाई गई।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध करते हैं। उनकी निशानदेही पर छीना गया मोबाइल और एक अन्य चोरी की बजाज पल्सर बाइक बरामद कर ली गई है। आरोपी नसीम पहले भी अनैतिक तस्करी अधिनियम के एक मामले में शामिल रहा है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने झपटमारी और वाहन चोरी के तीन प्रमुख मामलों को सुलझाने में सफलता हासिल की है। फिलहाल आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More