आधी रात को नाले के पास संदिग्ध हालत में खड़ा था युवक, तलाशी में बरामद हुआ अवैध चाकू

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला की द्वारका नॉर्थ थाना पुलिस ने इलाके में अपराध नियंत्रण और सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सेक्टर-3 इलाके से एक हथियारबंद युवक को गिरफ्तार किया है, जो देर रात किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। पकड़े गए आरोपी के पास से एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।

द्वारका जिले के डीसीपी अंकित सिंह के निर्देशों पर स्ट्रीट क्राइम को रोकने और सक्रिय अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिसकर्मियों को नियमित गश्त और खुफिया जानकारी जुटाने के कड़े निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में एसीपी द्वारका के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मुकेश और सुरेश की एक नाइट पेट्रोलिंग टीम गठित की गई थी, जिसे संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

घटनाक्रम के अनुसार, 25 और 26 फरवरी की दरमियानी रात करीब 10:45 बजे पुलिस टीम द्वारका सेक्टर-3 स्थित एयर इंडिया सोसाइटी के पीछे नाले वाली सड़क के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। जब पुलिसकर्मियों ने उससे वहां खड़े होने का कारण पूछा, तो वह घबरा गया और गोल-मोल जवाब देने लगा। संदेह होने पर जब टीम ने उससे सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपनी पहचान 23 वर्षीय समीर सोनवाल, निवासी महावीर एन्क्लेव पार्ट-3 के रूप में उजागर की।

पुलिस टीम द्वारा युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि वह इलाके में किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के पिछले रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले किन वारदातों में शामिल रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More