दयाल सिंह कॉलेज में क्लासरूम की छत गिरने पर भड़का छात्रसंघ, कॉलेज के सभी पोटा क्लासरूम में लगाया ताला

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ‘पोटा क्लासरूम’ (अस्थायी कक्षा) की छत अचानक भरभरा कर नीचे गिर गई। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय कक्षा में कोई छात्र या शिक्षक मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। इस घटना ने कॉलेज के बुनियादी ढांचे और छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष आर्यन मान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा। छात्रों के भारी विरोध और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए अभाविप ने कॉलेज के सभी पोटा क्लासरूम का निरीक्षण किया और सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें खाली करवाकर उन पर ताला जड़ दिया। छात्रों का कहना है कि जब तक इन कमरों की स्थिति सुरक्षित नहीं हो जाती, तब तक यहाँ कोई कक्षा नहीं लगने दी जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्रशासन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और कड़े शब्दों में चेतावनी दी। अभाविप दयाल सिंह कॉलेज इकाई के अध्यक्ष शिवम गंडास ने कहा कि छात्रों की जान को जोखिम में डालना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन को 10 दिनों के भीतर सभी पोटा क्लासरूम की मरम्मत कर उन्हें मानक के अनुसार सुरक्षित बनाने की मांग की है। छात्रों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में सुधार नहीं हुआ, तो प्रशासन के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

मामले के तूल पकड़ने के बाद कॉलेज प्रशासन रक्षात्मक मुद्रा में नजर आया। प्रधानाध्यापक ने छात्र प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया है कि अगले 10 दिनों के भीतर सभी प्रभावित कक्षाओं की मरम्मत कर दी जाएगी और सुरक्षा जांच के बाद ही कक्षाओं का संचालन पुनः सुचारु रूप से शुरू किया जाएगा। फिलहाल, कॉलेज में पोटा क्लासरूम के बंद रहने से कक्षाओं के वैकल्पिक इंतजामों पर चर्चा की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More